ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
रोहित और मनीष के हरफनमौला खेल की बदौलत देहरादून स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी (डीएससीए) ने जीएसआर की टीम को 53 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। दोनों खिलाड़ियों ने पहले बल्लेबाजी में हाथ दिखाए और बाद में गेंदबाजी करते हुए विरोधी टीम के बल्लेबाजों को चित्त कर दिया।
रामराज क्रिकेट एकेडमी मैदान में शुक्रवार को पहले मुकाबले में डीएससीए ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 149 रन बनाए। रोहित ने सबसे अधिक 42, विशाल ने नाबाद 40 और मनीष ने 33 रनों का योगदान दिया। जवाब में खेलने उतरी जीएसआर की पूरी टीम 14.4 ओवर में 96 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए विक्रांत ने 18, तेजेंद्र ने 17 और शुभम ने 12 रन बनाए। डीएससीए के मनीष ने 21 रन देकर चार और रोहित ने तीन विकेट चटकाए।
दूसरे मुकाबले में हिमालयन क्रिकेट एकेडमी (एचसीए) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 144 रन बनाए। गौरव ने 38, भानु प्रताप ने 25 और शोभित ने 21 रनों की पारी खेली। तनुष क्रिकेट एकेडमी (टीसीए) के राहुल देव और हरजीत ने दो-दो विकेट चटकाए। टीसीए की टीम ने 18.3 ओवर में छह विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। पवन ने 44, शिवम ने 33 और विजय ने 32 रन बनाए। एचसीए के किरन ने तीन और प्रशांत ने दो विकेट चटकाए।