अनुमति तपोवन की ली, पेड़ काटे आमवाला में
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बेखौफ लोगों ने राजधानी से सटे आमवाला तरला इलाके में शाल के भारी भरकम हरे पेड़ काट डाले। पेड़ काटने वालों ने वन विभाग के अफसराें से अनुमति कहीं और की ली और पेड़ दूसरी जगह पर काट डाले। मामले में अभी तक अफसरों ने कोई जांच नहीं की है।
कुछ लोगों ने राजधानी से सटे आमवाला तरला इलाके के दशमेश विहार ने शाल के भारी भरकम हरे पेड़ाें को काटना शुरू कर दिया। लोगों ने एक दो पेड़ाें को काट भी डाला। इसी बीच कुछ लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने हरे पेड़ों को काटने का विरोध कर दिया। इस बात को लेकर कुछ हंगामा भी हुआ। लोगों ने जब पेड़ काटने वालों से अनुमति दिखाने को कहा तो पता चला कि पेड़ाें को काटने की अनुमति तपोवन एंकलेव के लिए ली गई है, जबकि पेड़ों को आमवाला तरला में काटा जा रहा है। हंगामा कर रहे लोगों ने प्रकरण से विभागीय अधिकारियों को भी अवगत कराया है। इस मामले में विभागीय अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में जब प्रभागीय वनाधिकारी राजीव धीमान से जानकारी ली गई तो उन्होेंने ऐसी कोई जानकारी होने से इंकार किया है।