नई दरों पर बिजली की बिलिंग शुरू
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य विद्युत नियामक आयोग की ओर से लागू करने के साथ ही यूपीसीएल ने नई दरों पर बिजली की वसूली भी शुरू कर दी है। यूपीसीएल की ओर से कंप्यूटर के सॉफ्टवेयर में बदलाव कर नई दरों से वसूली का काम शुरू कर दिया गया है। विभागीय अफसरों की मानें तो 31 मार्च से पहले पुरानी दोनों दरों पर जबकि एक अप्रैल के बाद की बिजली यूनिटों पर नई दरों से बिजली की वसूली की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह राज्य विद्युत नियामक आयोग ने यूपीसीएल, यूजेवीएनएल व पिटकुल के अधिकारियों के साथ ही उपभोक्ताओं के साथ सुनवाई करने के बाद बिजली की नई दरें तय कर दी थी। विद्युत नियामक आयोग ने यूपीसीएल की बिजली की दरें एक अप्रैल से लागू करने का आदेश दिया था।
इसके बाद यूपीसीएल के तकनीकी विशेषज्ञों ने सॉफ्टवेयर में बदलाव कर दिया है। उपभोक्ताओं से नई दरों पर वसूली को लेकर अधीक्षण अभियंता शैलेंद्र कुमार का कहना है कि बिलिंग वाले कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में बदलाव कर दिया गया है। फिलहाल उपभोक्ताओें से 31 मार्च तक उपयोग में लायी जाने वाली बिजली की बिलिंग पुरानी दरों पर की जा रही है। जबकि एक अप्रैल के बाद जितनी बिजली इस्तेमाल की गई, उसकी वसूली नई दरों पर की जा रही है। अधीक्षण अभियंता शैलेंद्र कुमार का कहना है कि जो दिक्कतें हैं उन्हें जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा।
-- --
बड़े बकायेदारों को भेजा नोटिस
अधीक्षण अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि बिल जमा नहीं करने वाले सरकारी व गैर कार्यकारी बकाएदारों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही उनका यह भी कहना है कि बकाया बिल जमा नहीं करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सरकारी विभागों में विभागाध्यक्षों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। बड़े निजी बकाएदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं।