संवासिनियों को बनाया जाएगा स्वावलंबी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। नारी निकेतन की संवासिनियों को स्वावलंबी बनाने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को नारी निकेतन का दौरा करने पहुंचे प्रोबेशन विभाग के निदेशक मेजर योगेंद्र यादव ने योग्य संवासिनियों का चयन किया। उन्होंने कहा कि सामान्य (मानसिक रूप से ठीक) संवासिनियों को जल्द ही कुकिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नारी निकेतन में 137 संवासिनियां रह रही हैं। जिसमें से 117 मानसिक, मूक बधिर और 20 सामान्य हैं। विभाग की ओर से संवासिनियों को हुनरमंद बनाने के लिए विभाग की ओर से कार्य किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर निदेशक ने संवासिनियों के चयन के लिए केदारपुरम स्थित नारी निकेतन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट व अन्य कर्मियों के साथ बैठक कर संवासिनियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनसे मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मानसिक रूप से सामान्य संवासिनी को ही प्रशिक्षण दिया जाएगा।