ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
भाजपा पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनाएगी। इसे लेकर रविवार को परेड मैदान स्थित महानगर कार्यालय में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी मंडलों में विधायकों व अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष सीताराम भट्ट के अनुसार पं. दीनदयाल की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में हर मंडल में 11 से 15 फरवरी तक मनाई जाएगी। इसके लिए मंडल स्तर पर वक्ता तय किए जा चुके हैं। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, रायपुर मंडल में कलम सिंह रावत, जीएमएस मंडल में आशीष नागरथ व कांवली मंडल में ब्रजभूषण गैरोला, आंबेडकर व करणपुर मंडल में राजपुर विधायक खजान दास व आदित्य चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दीनदयाल व धर्मपुर मंडल में विधायक विनोद चमोली, हरीश डोरा, सुभाष, श्री देव सुमन नगर मंडल में मसूरी विधायक गणेश जोशी, रणजीत भंडारी, बालावाला मंडल में दिनेश व सीताराम भट्ट मौजूद रहेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं से चेक के साथ ही ऑनलाइन बीजेपी उत्तराखंड के नाम आर्थिक सहायता राशि देने को कहा गया है।
इसके अलावा मंगलवार को ‘मेरा परिवार भाजपा परिवार’ के तहत कार्यकर्ताओं को अपने घर पर भाजपा का झंडा व स्टीकर लगाकर परिवार के साथ सेल्फी खिंचवाने को कहा गया है। इसके तहत हर विधानसभा में करीब सात हजार झंडे लगने हैं। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत डिफेंस कॉलोनी स्थित अपने आवास में सुबह सवा नौ बजे करेंगे।
गढ़वाल मंडल लोक सभा विस्तारक राकेश गिरी ने बताया कि सभी विधानसभा के शक्ति केंद्रों पर अल्पकालीन विस्तारक जाएंगे, जिनका प्रशिक्षण शिविर 16 फरवरी को महानगर कार्यालय में होगा। कमल ज्योति कार्यक्रम का संयोजक राजेंद्र सिंह ढिल्लों, सह संयोजक सुरेंद्र, देहरादून महानगर में प्रचार सामग्री वितरण के लिए विजेंद्र थपलियाल, संजय सिंघल को जिम्मेदारी दी गई है। उधर, भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष शमशेर पुंडीर ने बैठक लेकर कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जिला महामंत्री अरुण मित्तल, जिला उपाध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, नवीन चौधरी, जिला मंत्री दिनेश सजवाण, जिला मीडिया प्रभारी संपूर्ण सिंह रावत आदि मौजूद रहे।