ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
नगर निगम के पुराने 60 वार्डों में अभी तक एलईडी नहीं लग पाई हैं। लेकिन, अधिकारी नए वार्डों में एलईडी लगाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए जल्द सर्वे शुरू होने वाला है। ईईएसएल (इनर्जी इफिशियंसी सर्विस लिमिटेड) कंपनी को नगर निगम के 60 वार्डों में 42000 एलईडी लाइट लगानी थी। लेकिन, अभी तक सिर्फ 30 हजार लाइट ही लग पाईं हैं। इसके बावजूद निगम कार्रवाई के नाम पर कंपनी को केवल नोटिस देकर खानापूर्ति कर रहा है।
वर्ष 2017 में नगर निगम, ईईएसएल (इनर्जी इफिशियंसी सर्विस लिमिटेड) और उरेडा के बीच अनुबंध हुआ था। इसके तहत ईईएसएल कंपनी को उसी वर्ष 31 अक्तूबर तक पुराने 60 वार्डों में 42 हजार एलईडी लगानी थी। एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी लाइटें नहीं लग पाई हैं। जहां लगी हैं, वहां भी जल्द खराब होने की शिकायतें आ रही हैं। पूर्व पार्षदों ने नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे से इसकी शिकातय की, तो उन्होंने कंपनी को नोटिस जारी किया गया। इसके बावजूद कंपनी की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ। चमन विहार, हाथीबड़कला, जीएमएस रोड समेत कई स्थानों पर लगाए गए टाइमर भी काम नहीं कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर निगम प्रशासन 40 नए वार्डों में भी एलईडी लगाने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर जल्द ही सर्वे शुरू होने वाला है।
---
यह था अनुबंध
नगर निगम, उरेडा और ईईएसएल के बीच अनुबंध हुआ था। इसके तहत बिजली के बिल का भुगतान हाइडिल और ईईएसएल को आधा-आधा करना था। वहीं, पांच साल तक मेंटीनेंस का पूरा खर्च ईईएसएल को उठाना था। इसके तहत ईईएसएल को नगर निगम के 27 हजार विद्युत पोलों पर लगी 42 हजार स्ट्रीट लाइटों की जगह 26, 70 और 120 वॉट की एलईडी लगानी थी।
-----
नगर निगम के पुराने वार्डों में जिन जगहों पर एलईडी नहीं लगी है, वहां जल्द लगाने के निर्देश कंपनी को दिए गए हैं। नए वार्डों में लाइट की समस्या आ रही है, जिसे देखते हुए वहां सर्वे कराने का निर्णय लिया गया है।
- विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त