ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
ओलंपस हाई स्कूल में 19वीं वार्षिक एथलेटिक्स मीट और पीटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि टाटा टी लिमिटेड के प्रोडक्शन हेड अनिल मल्होत्रा ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि छात्रों की खेल प्रस्तुतियों को देखकर आश्चर्यचकित हूं। अच्छा लगता है कि पढ़ाई के अलावा, हमारी युवा पीढ़ी विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में भाग ले रही है। वहीं,
बेहतर प्रदर्शन करने पर अथर्वा हाउस को ओवरआल ट्रॉफी से नवाजा गया। जबकि, साम हाउस और रिग हाउस को बेस्ट मार्च पास्ट ट्रॉफी से नवाज़ा गया। शनिवार को जीएमएस रोड स्थित ओलंपस हाई स्कूल में जूनियर विंग के लिए 19वीं वार्षिक एथलेटिक्स मीट का स्कूल फ्लैग की स्थापना के साथ शुभारंभ हुआ। जूनियर विंग के प्ले ग्रुप से कक्षा 5 तक के सभी छात्रों ने एथलेटिक्स मीट में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। कक्षा 3 के सभी छात्रों ने कार्निवल मार्च पास्ट किया। कक्षा एक के छात्रों ने चैंपियन गीत पर नृत्य पेश किया। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की दौड़ में छात्रों ने प्रतिभाग किया। छात्रों ने मार्शल आर्ट के प्रदर्शन से आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी विभिन्न प्रकार की दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन मार्च पास्ट के साथ हुआ। मैनेजिंग डायरेक्टर कुनाल शमशेर मल्ला और पीएल पुंडीर ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।