ब्यूरो/अमर उजाला, खानपुर
प्रह्लादपुर पंचायत क्षेत्र से 65 ग्रामीणों में हेपेटाइटिस-सी की पुष्टि होने के बाद वायरल लोड की जांच के लिए दिल्ली भेजे गए 57 रक्त के नमूने में से 31 ग्रामीणों में हेपेटाइटिस-सी वायरल लोड बढ़ा होने की पुष्टि हुई। अब स्वास्थ्य विभाग ने राज्य सरकार से ग्रामीणों के इलाज के लिए बजट की मांग की है।
गौरतलब है कि खानपुर विकासखंड के प्रहलादपुर पंचायत क्षेत्र में लगभग ढाई माह पहले दो दर्जन ग्रामीणों में हेपेटाइटिस-सी का मामला प्रकाश में आया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग ने आननफानन पंचायत क्षेत्र के पांचों गांवों प्रहलादपुर हस्तमौली, मदारपुर, आलमपुरा और शाहपुर से तकरीबन 350 ग्रामीणों के रक्त के नमूने लिए थे, जिनमें 65 ग्रामीणों में हेपेटाइटिस-सी की पुष्टि हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य टीम ने प्रह्लादपुर पंचायत पहुंचकर 57 ग्रामीणों के रक्त के नमूने दोबारा से वायरल लोड की जांच के लिए दिल्ली भेजे थे। एसीएमओ डॉ. एचडी शाक्य ने बताया कि दिल्ली भेजे गए 57 रक्त के नमूनों में से 31 ग्रामीणों में हेपेटाइटिस-सी का वायरल लोड सामान्य से बढा मिला, जिनमें हस्तमौली से सत्रह, शाहपुर से सात, मदारपुर से पांच और प्रह्लादपुर गांव से दो ग्रामीण में वायरल लोड बढ़ा होने की पुष्टि हुई है। अब विभाग ने राज्य सरकार से हेपेटाइटिस-सी से पीड़ित ग्रामीणों के इलाज के लिए बजट की मांग की है। उधर, विधायक कुंवर प्रवण सिंह ने कहा है कि पीड़ित ग्रामीणों के इलाज के लिए उनकी ओर से मुहिम शुरू की गई थी। मुख्यमंत्री से हेपेटाइटिस-सी पीड़ित ग्रामीणों के इलाज के लिए अपील करूंगा।