आज भी राज्य के कई जिलों में होगी भारी बारिश
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य के कई क्षेत्रों में आज भी भारी बारिश होने का अनुमान है। अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अन्य इलाकों में भी अच्छी बारिश होगी। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान हरिद्वार जिले में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। हरिद्वार में 190, लक्सर में 170, रुड़की में 150, जौलीग्रांट में 130, देहरादून में 100, बनबसा में 90, हल्द्वानी व पंतनगर में 70, नैनीताल, देवप्रयाग, त्यूनी, जखोली में 60, उत्तरकाशी, पुरोला, टिहरी, कोटद्वार में 50, मुनस्यारी, द्वाराहाट, मुक्तेश्वर, रानीखेत, चंपावत में 40 और अल्मोड़ा, गंगोलीहाट, डीडीहाट, मसूरी, बागेश्वर, काशीपुर व गरुड़ में 30 मिमी से अधिक बारिश हुई।
--
देहरादून में सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार एक जून से शुरू हुए मानसून सीजन में अब तक दून में सबसे अधिक 1459.2 मिमी बारिश हो चुकी है। वहीं, आठ अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, अल्मोड़ा में 296.5, बागेश्वर में 847.5, चमोली में 703.8, चंपावत में 697, पौड़ी में 337.7, टिहरी में 451, हरिद्वार में 525.4, नैनीताल में 804.9, पिथौरागढ़ में 902, रुद्रप्रयाग में 842.1, ऊधमसिंह नगर में 457 और उत्तरकाशी में 625.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।