600 एलटी शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। प्रदेश में विज्ञान विषय के रेग्युुलर डिग्री वाले 600 एलटी शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने विभागीय अधिकारियों को पदोन्नति आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। अन्य विषयों की पहले पदोन्नति हो चुकी है। दूरस्थ शिक्षा की पीजी डिग्री वाले शिक्षकों की पदोन्नति पर फैसला कोर्ट के आदेश पर किया जाएगा।
कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के शिक्षक लंबे समय से पदोन्नति देने की मांग कर रहे थे। शिक्षा निदेशालय में अनशन और तालाबंदी के दौरान शिक्षकों की 18 सूत्री मांगों में पदोन्नति की यह मांग भी शामिल थी। करीब 800 शिक्षकों की पदोन्नति पहले हो चुकी है। तब भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और भूगोल में दूरस्थ शिक्षा से पीजी डिग्री वाले कई शिक्षक कोर्ट चले गए थे। जिसके कारण यह प्रक्रिया अधर में लटक गई। शिक्षा मंत्री ने कोर्ट गए शिक्षकों को छोड़कर अन्य को पदोन्नति का लाभ देने के निर्देश दिए हैं। अगले कुछ दिनों में इनके पदोन्नति आदेश जारी हो सकते हैं।
--
बिना काउंसिलिंग होगी पदोन्नति
विज्ञान विषय के शिक्षकों की पदोन्नति बिना काउंसिलिंग के होगी। राज्य में लागू तबादला एक्ट में काउंसिलिंग की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। इससे पहले जो शिक्षकों की पदोन्नतियां हुई, वह काउंसिलिंग के माध्यम से हुई थी।