ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राज्य आंदोलनकारियों को नौकरियाें में 10 फीसदी आरक्षण नहीं देने व मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को सजा नहीं मिलने से नाराज उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने जून में सीएम आवास के घेराव की चेतावनी दी है।
कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर रविवार को आयोजित बैठक में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि 0 फीसदी आरक्षण के मामले में अदालत का फैसला आने के बावजूद सरकार ने अभी तक कोई कार्रवाई नही की है। आंदोलनकारी रवींद्र जुगरान ने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों के सम्मान के प्रति गंभीर नहीं है। इसके लिए हम सब को मिलकर मोर्चे पर उतरना पड़ेगा। इस मौके पर उत्तराखंड बाल आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष ऊषा नेगी ने अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। ऊषा नेगी ने कहा कि वे पहले आंदोलनकारी हैं और बाद में बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आंदोलनकारियों के हितों की अनदेखी कतई नहीं होने दी जाएगी। बैठक में रमन शाह, ओपी उनियाल, रवींद्र जुगरान, जगमोहन सिंह नेगी, रामलाल खंडूरी, प्रभात डंडरियाल, जसवंत रावत, जयदीप सकलानी, सुलोचना, मोहन खत्री, वेद प्रकाश शर्मा, डीएस गोस्वामी, सोना देवी, पूर्व पार्षद गीता बिष्ट समेत कई उपस्थित थे।