ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
उत्तरांचल विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज देहरादून के विधिक सहायता केंद्र के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, रायपुर ब्लॉक प्रमुख बीना बहुगुणा, सहसपुर प्रमुख रंजीता तोमर बतौर अतिथि शामिल हुए।
लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश बहुगुणा ने विधिक जागरुकता की जरूरत पर प्रकाश डाला। विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि जानकारियां चाहे कानून की हों या आम जीवन की। पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत ने कहा कि विधि का ज्ञान हर आम आदमी के लिए उतना ही आवश्यक है, जितना कि सामान्य ज्ञान। जानकारी के अभाव में साक्षर लोग भी गलतियां कर बैठते हैं। बेवजह कोर्ट कचहरी के चक्कर में पड़ जाते है। जिला पंचायत अधिकारी एम जफ र खान ने कहा कि जानकारियों का संग्रह करना ही पर्याप्त नहीं, अपितु उन्हें आगे जन-जन तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। विवि के चांसलर जितेंद्र जोशी ने कहा कि कानून की जानकारी केवल कानून की किताबों एवं कुछ व्यक्तियों तक सीमित न रहे, बल्कि विधि के ज्ञान की यह गंगा गांव-गांव तक पहुंचनी चाहिए। शिविर को रायपुर प्रमुख बीना बहुगुणा, सहसपुर प्रमुख रंजिता तोमर ने भी संबोधित किया। इस मौके पर डॉ. पूनम रावत, कुमार आशुतोष, वैभव उनियाल, डॉ. सुशीम शुक्ला, अभिरंजन दीक्षित, बालादेवी, विमला देवी, अशोक नेगी व मीनू आदि मौजूद रहे।