ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
आपातकालीन सेवा 108 जीवीके ने सोमवार को इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) दिवस मनाते हुए चंदरनगर में आयोजित कार्यक्रम में ईएमटी कर्मियों को सम्मानित किया। उत्तराखंड में आपातकालीन सेवा शुरू हुए 10 साल हो चुके हैं। इसमें 315 ईएमटी कर्मी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
आपातकालीन सेवा के स्टेट हेड मनीष टिंकू ने कहा कि 108 आपातकालीन सेवा उत्तराखंड में आपातकालीन स्थितियों के दौरान लोगों को अपनी सेवाएं प्रदान करती है। इसके तहत ईएमटी कर्मी घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देते हुए निकटतम अस्पताल तक पहुंचाते हैं। 108 आपातकालीन सेवा द्वारा अब तक लगभग 12 लाख 50 हजार से अधिक मामलाें में सेवाएं दी गई है। इनमें से लगभग 31,500 से अधिक मामलों में पीड़िताें का जीवन ईएमटी कर्मियों की कुशलता से बचाया गया। कार्यक्रम में ईएमटी अजय सिंह ने अपने अनुभव भी साझा किए। अजय सिंह ने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें खुशी है कि उनके काम को लोगों ने सराहा जो हमारे लिए उत्साहवर्धन एवं प्रोत्साहन का काम करता है। कार्यक्रम में मनोज, शीशपाल, त्रिलोचन, ओम कपूर, आशीष, पूजा, अजय, अरुण, मुकेश, पवन, हिमांशु, संदीप, कमलेश, संतोष, मुकुल, ललित आदि मौजूद रहे।