ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राजधानी में अत्याधुनिक सुविधाओं और कई आकर्षण से लैस सिटी पार्क का निर्माण तरला नागल क्षेत्र में करीब 12.52 हेक्टेयर भूमि में किया जाएगा। इसमें पिकनिक जोन, रेतीले तट, तालाब और साइकिल ट्रैक समेत कई अन्य आकर्षण होंगे। सिटी पार्क में लोग परिवार के साथ घूमने का आनंद ले सकेंगे।
शुक्रवार को एमडीडीए उपाध्यक्ष डॉ.आशीष कुमार श्रीवास्तव ने प्राधिकरण अधिकारियों और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के आर्किटेक्ट के साथ पार्क के निर्माण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर में लंबे समय से ऐसे पार्क की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जहां सभी आयु वर्ग के लोग घूमने का आनंद ले सकें। साथ ही जहां कई तरह की सुविधाएं और सेवाएं भी उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि सिटी पार्क को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि यह पिकनिक स्पॉट के साथ ही नॉलेज सेंटर के रूप में भी विकसित हो। इसके लिए सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी। बैठक में एमडीडीए सचिव पीसी दुमका, अधीक्षण अभियंता अनिल त्यागी, उद्यान अधिकारी आशाराम जोशी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
--
पार्क में होंगी ये सुविधाएं
सिटी पार्क में पिकनिक जोन, रेतीले तट के साथ तालाब, बीएमएक्स ट्रैक, साइकिल ट्रैक, घाट, सीनियर सिटीजन पार्क, योग एवं एक्यूप्रेशर पार्क, ईको गार्डन, फेरिस व्हील, दस्तकार घाट, एडवेंचर स्पोर्ट्स जोन, स्पोर्ट्स कोर्ट और फूड कोर्ट होंगे। यहां लोग सुबह से शाम तक परिवार के साथ छुट्टी का आनंद ले सकेंगे।