ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
देहरादून प्रीमियर लीग श्रद्धांजली के क्वार्टर फाइनल में गढ़वाल ईगल ने शिवालिक इंजीनियरिंग कॉलेज और सैफ्रॉन लीफ ने पौड़ी सनराइजर्स को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सोमवार को हुए मुकाबले जीतकर हरिद्वार और व्हिसपरिंग विलो की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले आज खेले जाएंगे।
मंगलवार को डीआईएस रिवरसाइड परिसर में पहले बल्लेबाजी करते हुए सैफ्रॉन लीफ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 148 रन बनाए। ओपनर भानु प्रताप ने 84 और आदित्य सेठी ने 24 रन बनाए। पौड़ी के सौरभ ने दो और नरेंद्र, अर्जुन, सागर व शुभम ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी पौड़ी की टीम नौ विकेट पर 118 रन ही बना सकी और 30 रन से मुकाबला हार गई। सागर ने 33, प्रताप ने 23 और अर्जुन ने 17 रन बनाए। सैफ्रॉन लीफ के अभयन ने पांच और गौरव ने चार विकेट लिए।
दूसरे मुकाबले में गढ़वाल ईगल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 86 रन बनाए। ओपनर दीपक ने 21 और श्रेष्ठ ने 13 रन बनाए। शिवालिक के रंजीत व प्रणव ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी शिवालिक की टीम 19वें ओवर में 63 रनों पर ढ़ेर हो र्गई। सुभल 13 के अलावा कोई बल्लेबाज दोहरी संख्या तक नहीं पहुंच सका। गढ़वाल के रघुवीर व दीप ने तीन-तीन और सुनील त्रिपाठी व गौरव ने दो-दो विकेट लिए।