अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
बाहरी राज्यों के छात्रों को यहां कालेजों में दाखिला लेने के लिए अपने राज्यों की पुलिस से सत्यापन कराना पड़ रहा है। हालांकि यह नियम पहले से लागू है। अलबत्ता देहरादून की एक शिक्षण संस्थान में जम्मू कश्मीर के संदिग्ध आतंकी के पढ़ने की घटना सामने आने के बाद सत्यापन को सख्ती से लागू कराया जा रहा है।
जनपद में कुछ छात्र यूपी बोर्ड से भी पढ़ाई करते हैं। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय और श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में यूपी और दूसरे राज्यों से पढ़ाई करने वाले छात्रों ने भी दाखिले के लिए आवेदन किए हैं। ऐसे में उनसे सत्यापन कराकर लाने के लिए कहा है। कालेजों का कहना है कि दूसरे राज्यों में पढ़ाई करने वाले छात्रों का पुलिस रिकार्ड जानना जरूरी है। इनमें ज्यादातर छात्र पूर्वी यूपी से पढ़ाई करने वाले हैं। कई छात्र पुलिस सत्यापन के लिए यूपी के गोरखपुर, बांदा, बलिया आदि शहरों के लिए रवाना भी हो गए हैं।
एसएमजेएन पीजी कालेज के प्रवेश नियंत्रक डा. सुनील कुमार बत्रा ने बताया कि देहरादून में संदिग्ध आतंकी छात्र के पढ़ने की घटना को देखते हुए छात्रों के दाखिलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। बहारी प्रदेशों के छात्रों को सत्यापन कराकर लाने के लिए कहा गया है। बिना पुलिस सत्यापन बाहरी छात्रों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पुलिस को दिखाना होगा रिकॉर्ड
यूपी से पुलिस सत्यापन कराने वाले छात्रों की मुश्किलें कम नहीं हैं। सत्यापन के लिए जाने पर छात्रों को यह रिकार्ड दिखाना होगा कि उन्होंने कहां-कहां रहकर पढ़ाई की। इसके लिए कागजी दस्तावेज भी जरूरी हैं।