अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कांवड़ मेले के दौरान जनपद हरिद्वार सहित गढ़वाल मंडल की गैस आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए पूर्ति विभाग ने गैस प्लांट के मैनेजरों को पहले से ही पर्याप्त मात्रा में गैस जुटाने के निर्देश दिए हैं। डीएसओ राहुल शर्मा ने मंगलवार को गैस कंपनियों और एजेंसी संचालकों के साथ बैठक करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। गैस कंपनियों को निर्देशित किया गया है कि मेले के दौरान रविवार को भी प्लांट चलाए जाएं।
जनपद में बहादराबाद, लंढौरा और भगवानपुर में गैस प्लांट हैं। यहीं से पूरे हरिद्वार जनपद सहित गढ़वाल मंडल में गैस की आपूर्ति की जाती है। कांवड़ के दौरान 20 से 30 प्रतिशत तक गैस की खपत बढ़ जाती है। भारी संख्या में कांवडिय़े हरिद्वार आने के चलते रूट बाधित होने पर गैस की सप्लाई बाधित होने का डर बना रहता है। ऐसी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी राहुल शर्मा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में जनपद के सभी गैस कंपनियों व प्लांट मैनेजरों और गैस एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाई। डीएसओ ने गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया लोनी यूपी से गैस के कैप्सूल हाईवे पर कांवडिय़ों की भीड़ बढने से पहले ही मंगाकर रख लें। जिससे यदि रूट बाधित हो जाए तो गैस की सप्लाई बाधित न हो। प्लांट मैनेजरों को निर्देशित किया कि शनिवार के साथ साथ रविवार को भी प्लांट में काम जारी रखें।
वहीं एजेंसी वालों को कहा गया कि गोदाम में स्टॉक पूरा रखें। ताकि चार पांच दिन तक भी यदि रूट बाधित हो जाए तो भी गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडरों की किल्लत से न जूझना पड़े। बैठक में मौजूद गैस कंपनियों के अधिकारियों, प्लांट मैनेजरों और एजेंसी संचालकों ने कांवड़ मेले के मद्देनजर कमर कसने का भरोसा दिलाया। साथ ही डीएसओ राहुल शर्मा ने आम उपभोक्ताओं से भी पहले ही सिलेंडर बुक कराने की अपील की है।
इमरजेंसी में काशीपुर से होगी सप्लाई
कांवड़ मेले के दौरान गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए पूर्ति विभाग ने व्यापक कार्ययोजना बनाई है। इसके बावजूद यदि पश्चिमी यूपी से गैस की आपूर्ति प्रभावित होती है तो वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर काशीपुर से गैस सप्लाई का इंतजाम किया गया है। डीएसओ राहुल शर्मा ने बताया कि काशीपुर से गैस की सप्लाई तभी की जाएगी, जब मेन रूट से गैस सप्लाई करने में कोई बाधा आ रही हो।