रुड़की/लंढौरा।
देहरादून और सहारनपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन शनिवार को रद्द होने से यात्री परेशान रहे। वहीं, कई अन्य ट्रेनों की लेटलतीफी भी रेल यात्रियों पर भारी पड़ी। वहीं, रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पर काम चलने के कारण कई बार ट्रेनों को रद्द करना पड़ता है।
शनिवार को जम्मूतवी से गोहाटी जाने वाली एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से रुड़की रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं, बाद्रा से देहरादून जाने वाली दून एक्सप्रेस भी तीन घंटे की देरी से रुड़की स्टेशन पहुंची। ऐसे में ट्रेन के इंतजार में सैकड़ों यात्रियों को घंटों स्टेशन पर गर्मी में इंतजार करना पड़ा। वहीं देहरादून से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन को लक्सर में रद्द कर दिया गया। रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री सुनील कुमार, बीना शर्मा, नौशाद, उसमान, रेशमा, अरना, सहदीप, संदीप अग्रवाल, संजय चौहान, दीपा शर्मा, कुलदीप कौशिक आदि का कहना है सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन को रेलवे की ओर से बिना सूचना के रद्द कर दिया जाता है, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
रेलवे के रेल पथ निरीक्षक प्रथम विक्रम सिंह का कहना है कि लक्सर से सहारनपुर के बीच एक साल से रेल ट्रैक पर काम चल रहा है। यही कारण है कि कई बार पैसेंजर ट्रेन को रद्द करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि रेल ट्रैक मरम्मतीकरण में तीन माह का समय और लगेगा।