विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 14 बेरोजगार ठगी का शिकार हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर डालनवाला पुलिस ने शुक्रवार रात एएस इंटरनेशनल टूर एंड ट्रेवेल्स के मालिक संदीप सिंह और पार्टनर अंकित सिंह समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल 20 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आ रही है।
टिहरी गढ़वाल के गोलाणी पट्टी निवासी मयूर सिंह ने अपने साथी करमजीत सिंह, करमजीत सिंह, सचिन चौधरी, गौरव चौधरी, अजय गुप्ता, जगतार सिंह, पंकज सिंह बिष्ट, मदन मोहन, नरेंद्र सिंह, कलम सिंह, राजबीर सिंह, शेखर थापा, शेखर गहले व अजय कुमार ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि राजपुर रोड स्थित एएस इंटरनेशनल टूर एंड ट्रैवल्स के मालिक संदीप सिंह और पार्टनर अंकित सिंह ने रोजगार दिलाने के लिए फेसबुक और व्हाट्स एप के जरिये युवाओं से संपर्क किया था। इन लोगों ने दुबई, जापान व रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर आवेदन मांगे थे। पासपोर्ट और 4 फोटो लेने के बाद 15 दिन में वीजा उपलब्ध कराने की बात कही गई थी। इसके बदले आरोपी पक्ष ने बेरोजगारों से 70 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक अपने खाते में जमा कराए थे। काफी दिन तक कोई सूचना नहीं मिलने पर 10 जुलाई को आफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था।
डालनवाला कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि बेरोजगारों की तहरीर पर संदीप सिंह, अंकित सिंह समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकांश बेरोजगारों ने खाते में आनलाइन रकम स्थानांतरित की है। प्रथम दृष्टया 20 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आ रही है। विवेचना के दौरान अन्य पीड़ित भी सामने आ सकते है।