ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निगम प्रशासन की ओर से साफ्टवेयर का काम पूरा किए जाने के बाद अब आवासीय व व्यावसायिक गृहकर ऑनलाइन जमा कराने को लेकर रास्ता साफ हो गया है। हालांकि ऑनलाइन गृहकर जमा कराने की शुरुआत बहुत पहले की जा चुकी थी, लेकिन साफ्टवेयर में खराबी आने की वजह से योजना धराशायी हो गई थी। कई दिनों की जद्दोजहद के बाद साफ्टवेयर ठीक कर दिया गया है।
पहले चरण में नगर निगम के 20 वार्डों में यह सुविधा शुरू की जा रही है। जून-2019 तक सुविधा सभी वार्डों में लागू करने की योजना है। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे का कहना है कि पहले चरण में 20 वार्डों में ऑनलाइन गृहकर जमा करने की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत सहस्रधारा रोड, हाथी बड़कला, आर्यनगर, शिवाजी मार्ग, इंद्रेश नगर, राजीव नगर, डिफेंस कॉलोनी, दीपनगर, लक्खीबाग, कारगी चौक, ब्रह्मपुरी, निरंजनपुर, इंदिरा कॉलोनी, गांधीग्राम, यमुना कॉलोनी व कौलागढ़ वार्ड के लोगों सुविधा मिलेगी। उन्होंने इन वार्डों के भवन स्वामियों से अब ऑनलाइन टैक्स जमा करने अपील की है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से योजना सभी वार्डों में लागू की जाएगा।
ऐसे जमा करें ऑनलाइन गृहकर
नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे का कहना है कि नगर निगम की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट नगर निगम देहरादून डॉट कॉम पर जाकर ऑनलाइन भवन जमा कराया जा सकता है। वेबसाइट पर गृहकर जमा करने के विकल्प मिलेंगे। ऑनलाइन गृहकर जमा करने की जानकारी नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों से भी ली जा सकती है।