ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राधाकृष्ण मंदिर, दिलाराम बाजार की शिवलिंग का नामकरण शुक्रवार को विधिविधान से किया गया। द्रोणनगरी के प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्ण गिरि महराज के सानिध्य में शिवलिंग का नाम सर्वेश्वर महादेव रखा गया। इस मौके पर मंदिर में महाआरती करने के साथ ही शिवलिंग को 118 प्रकार के भोग लगाए गए।
शिवलिंग के नामकरण के अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित राजेंद्र प्रसाद थपलियाल ने सुबह सात बजे विधिविधान से महादेव का रुद्राभिषेक कर फलों से शिवलिंग का शृंगार करने के बाद महाआरती की। साथ ही मंदिर में विशेष पूजा अर्चना और हवन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर समिति के सदस्य आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि 150 साल पुराने मंदिर के शिवलिंग के नामकरण पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। इस अवसर श्री चैतन्य गौड़ीय मठ के संत स्वामी भक्ति विचार विष्णु महाराज, भक्ति प्रसन्न त्यागी, भरत गिरि महाराज, राजकुमार रेकी, पुष्कर, मीरा गुप्ता, अरविंद, सुभाष गुप्ता, हरीश समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।