सचिव से वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने सचिव (वित्त) से वार्ता के बाद एक फरवरी से प्रस्तावित कार्य बहिष्कार को 20 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया है। मोर्चा संयोजक विपिन बिजल्वाण के मुताबिक आठ फरवरी को कुमाऊं के रोडवेज रूट पर निजी बसें चलाने का शासनादेश रद करने का आश्वासन मिला है।
उन्होंने बताया कि पर्वतीय रूट पर होने वाले नुकसान की पूर्ति शासन करेगा। इसके लिए अगले बजट में अलग से प्रावधान किया जाएगा। बजट से पहले आकस्मिक निधि से भुगतान करने का भी आश्वासन मिला है। वहीं, कर्मचारियों के बीमा की धनराशि का भुगतान मुख्यालय के बजाय मंडल स्तर के कार्यालय से किए जाने की बात कही गई है। इस दौरान रोडवेज महाप्रबंधक दीपक जैन, अशोक चौधरी, दिनेश पंत, सहदेव, रामकिशन, दयाकिशन पाठक आदि मौजूद रहे।