ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
दून अस्पताल में भर्ती बेसहारा मरीजों को अस्पताल से घर जाने के लिए ई-रिक्शा की मुफ्त सुविधा मुहैया कराई जाएगी। यह पहल ई रिक्शा यूनियन और सामाजिक संस्था छोटी सी दुनिया की ओर से शुरू की गई है। दून अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल के सीएमएस डॉ. केके टम्टा ने पांच ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर सीएमएस डॉ. टम्टा ने कहा कि यूनियन पदाधिकारियों और सामाजिक संस्था की पहल सराहनीय है। छोटी सी दुनिया सामाजिक संस्था की ओर से दून अस्पताल पुलिस चौकी में तैनात प्रभारी पुष्पा आर्य, पुलिसकर्मी अरविंद सेमवाल, प्रवीण, बाईपास चौकी में तैनात पुलिसकर्मी चंद्र मोहन तड़ियाल, लख्खीबाग चौकी में तैनात पुलिसकर्मी रविशंकर और एकमात्र महिला ई-रिक्शा चालक को कोतवाल एसएस नेगी ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर दून मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. केसी पंत, शिक्षाविद् राकेश काला मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्पर्श गंगा के संजय बहुगुणा, छोटी सी दुनिया के विजयराज, न्यू एनर्जी स्टेट परिवार के गणेश जुयाल, देवभूमि महासभा से प्रमोद कपरुवाण और हिम फाउंडेशन से अजय बहुगुणा, जन मानस सेवा संस्था से आशीष रस्तोगी समेत कई लोग मौजूद रहे।
दूसरी ओर दून अस्पताल की ओर से आयोजित दो दिवसीय रक्तदान शिविर में 50 लोगों ने स्वेच्छिक रक्तदान किया। इस मौके पर सीएमएस डॉ. केके टम्टा ने कहा कि डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने से इन दिनों रक्त की मांग बढ़ गई है। लेकिन रक्तदाताओं की कमी से दिक्कतें आ रहीं हैं। सीएमएस डॉ. टम्टा ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करने की अपील की है।