गोपेश्वर। पीजी कॉलेज नागनाथ-पोखरी में छात्रों एक एक समूह ने छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचित हुए विवि प्रतिनिधि के निर्वाचन को अवैध बताते हुए रद्द करने की मांग की है। मांग के समर्थन में बुधवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया गया है।
महाविद्यालय परिसर में हुई सभा में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप बर्त्वाल ने कहा कि आठ सितंबर को संपन्न हुए छात्रसंघ चुनाव में विवि प्रतिनिधि पद के लिए छात्र रविंद्र ने अपना नामांकन कराया था। रविंद्र का बीए प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम अभी तक घोषित नहीं हुआ है, इसके बावजूद शपथपत्र के आधार पर उसे चुनाव में सम्मिलित किया गया, जो लिंगदोह कमेटी के विरुद्घ है। इधर, छात्रसंघ निर्वाचन अधिकारी डा. नंद किशोर चमोला का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि से परीक्षा परिणाम महाविद्यालय में जमा करने के लिए कहा गया है। उसे पंद्रह सितंबर तक का समय दिया गया है। यदि इसके बाद भी परीक्षा परिणाम जमा नहीं किया गया तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अनूप नेगी, अंकित बर्त्वाल, अभिषेक बर्त्वाल, अनिल, अंकित रौतियाल, राजू, प्रेम, भानु प्रकाश आदि मौजूद थे। ब्यूरो