ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। मलिन बस्तियों के मकानों को मालिकाना हक देने का वादा पूरा करने के संबंध में बस्तीवासियों ने रविवार को उक्रांद के साथ सीएम आवास कूच कर दिया। बड़ी संख्या में लोगों के सीएम आवास जाने की सूचना पर पुलिस ने हाथीबड़कला पुलिस चौकी के पास सभी को बेरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और बस्तीवासियों के बीच काफी देर तक नोक झाेंक व धक्का-मुक्की भी हुई।
मलिन बस्तियों में बने घरों को मालिकाना हक देने का वादा पूरी करने की मांग के संबंध में शहर की विभिन्न बस्तियों के लोगों ने रविवार को उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री की अगुवाई में सीएम आवास के लिए कूच किया। इसमें ब्रह्मपुरी, चमन पुरी, लोहिया नगर, बापूनगर, बारी घाट, ब्राह्मणवाला और चेतना बस्ती के लोग शामिल रहे। इससे पहले सभी बस्तीवासी राजपुर रोड स्थित गढ़वाल जल संस्थान परिसर में एकत्र हुए और बाद में नारेबाजी करते हुए सीएम आवास की ओर कू च कर दिया। बस्तीवासी दिलाराम चौक से होते हुए हाथीबड़कला पहुंचे, लेकिन यहां पर पुलिस ने बेरिके डिंग लगा दी। इस पर बस्तीवासी भड़क गए और पुलिसकर्मियों से नोकझाेंक के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। करीब आधे घंटे तक जोर आजमाइश के बाद सीईओ डालनवाला जया बलूनी ने मोर्चा संभाला और उक्रांद महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री से बातचीत की, लेकिन बस्तीवासी सीएम से मिलने की बात पर अड़े रहे। इसी बीच मुख्यमंत्री के ओएसडी ऊर्बा दत्त भट्ट घटनास्थल पर पहुंचे और उक्रांद महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री से ज्ञापन लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद बस्तीवासी शांत हुए। इस मौके पर उक्रांद के वरिष्ठ नेता लताफत हुसैन, संरक्षक बीडी रतूड़ी, केंद्रीय महामंत्री डीके पाल, पंकज व्यास, जय प्रकाश उपाध्याय, युवा महामंत्री सुशील कुमार, आहूजा, सुरेंद्र बुटोला, विमल रौतेला, ललित कुमार, सुरेंद्र रावत, इमरान अहमद, संजीव चौधरी, गफ्फार खान, कुलदीप, राजेश्वरी रावत, मालती पवार आदि मौजूद रहे।