ब्यूरो/ अनिल चन्दोला, देहरादून
तीन जून से दून में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाली टी-20 क्रिकेट सीरीज में खास दर्शक के रूप में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरप्राइज दे सकते हैं। इस दौरान अफगानिस्तान के भी कुछ बड़े नेता पहुंच सकते हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस तरह के संकेत मिलने के बाद पीएम के पहुंचने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पिछले कुछ समय से भारत लगातार अफगानिस्तान से अपने संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। दोनों देशों के बीच कई उच्चस्तरीय दौरे और बातचीत भी हो चुकीं हैं। अब अफगानिस्तान की टीम पहली बार भारत में बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज खेलने आ रही है। इस मौके का इस्तेमाल दोनों देशों के संबंधों को बेहतर बनाने में किया जा सकता है। भारत पहले ही ग्रेटर नोएडा और देहरादून में अफगानिस्तान को होम ग्राउंड देकर संबंध सुधारने की पहल कर चुका है। प्रधानमंत्री कार्यालय पूरे आयोजन की तैयारियों पर नजर रख रहा है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी कुछ संकेत दिए गए हैं। संभावना है कि पीएम मोदी सात जून को होने वाले तीसरे और अंतिम टी-20 मैच के दौरान मौजूद रह सकते हैं।
.......................
आयरलैंड की टीम भी आएगी
अफगानिस्तान-बांग्लादेश सीरीज के बाद आयरलैंड की क्रिकेट टीम के भी दून पहुंचने का कार्यक्रम है। दून अगले पांच साल तक अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम का सेकेंड होम ग्राउंड रहेगा। ऐसे में टीम के ज्यादातर मुकाबले भी यहीं पर खेले जाने हैं। बांग्लादेश के साथ सीरीज के बाद टीम आयरलैंड से खेलने जा रही है। विभागों को इसके संबंध में जानकारी भी दे दी गई है।