ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
एमडीडीए कॉलोनी और डालनवाला क्षेत्र में पेयजल किल्लत पर कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पेयजल निगम के मुख्य अभियंता का घेराव कर मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। 15 दिन में समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं मोहिनी रोड स्थित पेयजल निगम मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने पेयजल निगम के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मुख्य अभियंता वीसी पुरोहित का घेराव कर बताया कि एमडीडीए कॉलोनी और डालनवाला क्षेत्र में मौजूदा ट्यूबवेल के पानी का स्तर नीचे चला गया। क्षेत्र में अमृत योजना के तहत नए ट्यूबवेल का निर्माण किया जा रहा था, लेकिन पेयजल निगम ने दो माह पहले कार्य को अधर में ही छोड़ दिया। इसके अलावा क्षेत्र के कुछ जगह ही सीवर लाइन डाली गई, उसमें भी कुछ लोगों को ही कनेक्शन दिए गए। जिससे क्षेत्र की जनता में आक्रोश है। उन्होंने 15 दिन में ट्यूबवेल का निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। घेराव और प्रदर्शन करने वालों में लाल चंद शर्मा, अभिषेक त्यागी, लतीफत रहमान, आनंद त्यागी, प्रभुलाल बहुगुणा, प्रवीन त्यागी, एनके त्यागी, कैलाश, सरोज गुप्ता, सुरेश आदि शामिल थे।