ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
क्रिसमस के खास मौके पर अमर उजाला की ओर से आयोजित क्रिसमस कार्निवाल का सोमवार को रंगारंग समापन हो गया। अंतिम दिन बेबी शो, मी एंड मॉम शो और बच्चों का डांस कंपटीशन आयोजित किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
सोमवार को राजपुर रोड स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित सिक्का बिल्डर्स के परिसर में कार्निवाल के अंतिम दिन लोगों ने जमकर मस्ती की। तीन दिवसीय कार्निवाल में बच्चों का फैंसी ड्रेस कंपटीशन, सिंगिंग, कुकिंग और धूम डांस एकेडमी की ओर से डांस कंपटीशन आयोजित किया गया। दिनभर बच्चों, महिलाओं और आम लोगों ने कार्निवाल में जमकर मस्ती की। बच्चों की मस्ती के लिए फन एंड फूड, डांसिंग, सिंगिंग, किड्स जोन, बेबी शो, फैंसी ड्रैस समेत कई अन्य आकर्षण रहे। मी एंड मॉम कंपटीशन में बच्चों के साथ उनकी मां ने भी हिस्सा लिया। अंत में अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित किया। कुकिंग कंपटीशन में हीरो मोटोकॉर्प, सिक्का बिल्डर्स, टीवीएस मोटर्स, देहली कोलाज ऑफ आर्ट, धूम डांस इंस्टीट्यूट एंड फिटनेस, अविरल पब्लिक स्कूल और जीआरडी स्कूल ने सहयोग दिया।