विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण एवं नए कक्षा-कक्षों के लिए 274 लाख स्वीकृत
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा, प्रदेश के चार जिलों के 13 क्षतिग्रस्त स्कूलों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। साथ ही कुछ अन्य स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा कक्ष बनेंगे। इसके लिए 274 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
शिक्षा मंत्री ने कहा, सरकार प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के लिए सभी भौतिक संसाधन उपलब्ध करा रही है। ऐसे विद्यालय जिनके भवन जर्जर या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं उनका पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के चार जिलों देहरदाून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग एवं टिहरी के विद्यालयों के पुनर्निर्माण, वृहद मरम्मत कार्य एवं अतिरिक्त कक्षा-कक्षाओं के लिए धनराशि मंजूर की गई है। देहरादून में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चान्दपुर में वृहद मरम्मत कार्य के लिए 10.80 लाख, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सावड़ा में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण के लिए 11.50 की लाख स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ जिले में राजकीय प्राथमिक विद्यालय किमटा को 17.50 लाख, कवाधार में मरम्मत कार्य के लिए 18.26 लाख स्वीकृत किए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौना दानकोट, सेमलता, किमाणा, भुनका वल्ला एवं झुण्डोली में मरम्मत कार्य व कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए 14-14 लाख स्वीकृत किए हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय डुंग्रा एवं कोलू भन्नू में भवन पुनर्निर्माण के लिए 40.30-40.30 लाख मंजूर किए हैं। प्राथमिक विद्यालय डोभासौड़ में 32 लाख, टिहरी जिले में प्राथमिक विद्यालय सुनारगांव के भवन पुनर्निर्माण के लिए 33.62 लाख स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही विद्यालयों में निर्माण कार्य के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग, मंडी परिषद एवं पेयजल निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।