ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
परिवहन निगम अब हर रूट की आय की समीक्षा करेगा। कम आय वाले रूट पर सुधार के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरने पर कम आय वाले रूटों पर बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।
परिवहन निगम की आर्थिक स्थिति को ठीक करने के लिए अधिकारियों ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में अब हर रूट की समीक्षा की जाएगी। इससे पता चल सके कि किस रूट से निगम को अधिक आमदनी हो रही है और कहां से कम। डिपो स्तर पर रोजाना रूट के हिसाब से आय की समीक्षा की जाएगी। जिन रूटों पर आमदनी नहीं हो रही है, वहां सुधार की कवायद शुरू की जाएगी। इसके बाद भी स्थिति बेहतर नहीं होने पर ऐसे मार्गों पर बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। वहीं, आमदनी वाले रूटों पर बसें चलाई जाएंगी। साथ ही डिपो आय की भी रोजाना समीक्षा की जाएगी। आय में गिरावट के कारणों का पता लगाया जाएगा।
--
सभी सहायक महाप्रबंधकों को इसके निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रोडवेज की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए कठोर कदम भी उठाने पड़ेंगे तो उठाए जाएंगे।
- पंकज तिवारी, वित्त नियंत्रक, परिवहन निगम