उत्तरकाशी। भटवाड़ी प्रखंड के हीना गांव में चल रही श्रीकृष्ण लीला ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बुधवार रात को अनुष्ठान में शामिल हुए गंगोत्री विधायक ने ग्रामीणों को शीघ्र गांव तक सड़क पहुंचाने का भरोसा दिलाने के साथ ही गांव में मंच निर्माण के लिए चार लाख देने की घोषणा की।
बीते 23 दिसंबर से हीना गांव में श्रीकृष्ण लीला का मंचन किया जा रहा है। बुधवार को मंच पर कलाकारों ने अपने भावपूर्ण अभिनय एवं संवाद अदायगी से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पहुंचे गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से जहां कलाकारों को मंच प्राप्त होता है, वहीं ग्रामीणों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इस मौके पर विजय संतरी, नागेंद्र चौहान, विजयपाल मखलोगा, महादेव रावत, हंसराज चौहान, राजेंद्र गंगाड़ी आदि मौजूद रहे।