अंडर-23 का फाइनल ट्रायल देंगे 60 क्रिकेटर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उत्तराखंड की अंडर-23 टीम चयन के लिए देहरादून और काशीपुर में हुए पहले चरण के ट्रायल के बाद 60 क्रिकेटरों का चयन किया गया है। यह क्रिकेटर 14 और 15 अक्तूबर को देहरादून में होने वाले फाइनल ट्रायल में हिस्सा लेंगे। पहले चरण के ट्रायल में देहरादून और काशीपुर से 30-30 क्रिकेटरों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
गढ़वाल मंडल के क्रिकेटरों का ट्रायल शुक्रवार को भी देहरादून स्थित तनुष क्रिकेट एकेडमी में जारी रहा। करीब 150 क्रिकेटरों का ट्रायल लेने के बाद बीसीसीआई चयनकर्ता फिरोज और कृष्ण मोहन ने 30 खिलाड़ियों को फाइनल ट्रायल के लिए चुना। वहीं, काशीपुर की हाईलेंडर क्रिकेट एकेडमी से भी 30 क्रिकेटर चुने गए हैं। 14 और 15 अक्तूबर को राजधानी स्थित तनुष क्रिकेट एकेडमी में फाइनल ट्रायल होंगे, जिसके बाद 10 दिवसीय शिविर के लिए 25 सदस्यीय टीम चुनी जाएगी।