ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने अर्जेंटीना में चल रहे यूथ ओलंपिक के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने जापान के नार्कोदा को शिकस्त दी। फाइनल में शनिवार को उनका मुकाबला चीन के ली शिफेंग से होगा।
अर्जेंटीना के बूएनोस में छह अक्तूबर से चल रहे यूथ ओलंपिक की बैडमिंटन स्पर्द्धा में एशियाई जूनियर नंबर एक खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया है। सेमीफाइनल तक उन्होंने सभी मुकाबले आसानी से जीते। हालांकि सेमीफाइनल में जापान के नार्कोदा ने उन्हें कड़ी टक्कर दी। लक्ष्य ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 14-21, 21-15 और 24-22 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले अल्मोड़ा निवासी लक्ष्य ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के रुमबे को 21-17 और 21-19 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। पहले राउंड में उन्होंने इजिप्ट के कमेल को 21-14 व 21-16 और दूसरे राउंड में उक्रेन के बोस्निउक को 23-21 व 21-8 से शिकस्त दी। प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने ब्राजील के फ्रिंस को 21-6 व 21-16 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।