ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचीं अपर तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पाडली गुर्जर निवासी ताहिर के घर के पास एक एचटी लाइन का तार टूटा पड़ा था, जिसकी चपेट में आकर एक कुत्ते की मौत हो गई। ताहिर के 15 वर्षीय बेटे जीशान ने कुत्ते को वहां से हटाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कुत्ते को निकालते समय जीशान करंट की चपेट में आ गया। जीशान को करंट के झटके लगते देख इलाकाई लोग दौड़े। आननफानन ऊर्जा निगम के अधिकारियों को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। लेकिन तब तक जीशान की मौत हो चुकी थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं, घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। तहसीलदार सुशीला कोठियाल भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण मानें। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन पूरे घटनाक्रम के बाद भी ऊर्जा निगम का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। गंगनहर कोतवाल प्रदीप बिष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।