ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
एसोसिएशन ऑफ देवभूमि फार्मास्यूटिकल उत्तराखंड की ओर से आयोजित सेमिनार में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फार्मा कंपनियों के लिए घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। प्रदेश में फार्मास्यूटिकल कंपनियों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने समिति गठित करने की घोषणा की। इसमें प्रमुख सचिव उद्योग, ऊर्जा विभाग के अधिकारियों सहित फार्मा कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। लाइसेंस संबंधित समस्याएं सिंगल विंडो सिस्टम से शीघ्र निपटाई जाएंगी। उन्होंने बढ़ते उद्योगों के मद्देनजर सेलाकुई पुलिस चौकी को थाना बनाने की भी घोषणा की।
रविवार को यहां एक होटल के सभागार में आयोजित एक दिवसीय सेमिनार में उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों की करीब 150 फार्मा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि हमारी प्रतिबद्धता है कि सभी लोग निरोगी और स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और अन्य राज्यों के पैरामेडिकल से जुड़ी कई कंपनियां यहां सेवाएं दे रही हैं, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से उनको उचित सुविधा एवं सम्मान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बिजली, परिवहन समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री रावत ने फार्मा कंपनियों के पदाधिकारियों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक और फार्मा के लाइसेंस के लिए सरकार सिंगल विंडो सिस्टम लागू करेगी।
फूड मैन्यूफैक्चरिंग के लाइसेंस और मार्केट स्टैंडिंग सर्टिफिकेट एवं फ्री सेल सर्टिफिकेट की वैधता एक से बढ़ाकर तीन साल की जाएगी। साथ ही उन्होंने हरिद्वार के भगवानपुर में प्रवाह उपचार संयंत्र (ईटीपी) स्थापित करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेलाकुई पुलिस चौकी को थाने में उच्चीकृत किया जाएगा। इसमें महिला पुलिसकर्मियों की ज्यादा तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि सेलाकुई में बिजली आपूर्ति की समस्याओं को दूर करने के लिए यहां 220/33 केवी के विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में गरीबों के लिए शीघ्र औषधि बैंक की स्थापना की जाएगी। इस मौके पर वित्त मंत्री प्रकाश पंत, केंद्र सरकार में संयुक्त सचिव (स्वास्थ्य) सुधीर कुमार, ड्रग्स कंट्रोलर ऑफ इंडिया डॉ. एस ईश्वर रेड्डी, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, सचिव स्वास्थ्य एवं शहरी विकास नीतीश झा, ऊर्जा सचिव राधिका झा, अशोक बिंडलास, संदीप जैन, प्रमोद कलानी, अनिल शर्मा मौजूद रहे।