ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत रविवार को टास्क फोर्स ने हरिद्वार रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप की दीवार समेत रायपुर और करनपुर रोड पर 20 अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए। इस दौरान हरिद्वार रोड स्थित एक नर्सिंग होम की दीवार तोड़ने पर डॉक्टरों की अधिकारियों के साथ बहस हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। इसके अलावा कुछ लोगों ने सीमांकन पर भी आपत्ति जताई। वहीं, हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब तक राजधानी देहरादून में 815 छोटे-बड़े अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं।
एसडीएम सदर प्रत्यूष सिंह के नेतृत्व में रविवार सुबह प्रशासन, एमडीडीए और नगर निगम की टीम ने जेसीबी से अतिक्रमण ध्वस्त कराया। करनपुर रोड पर टीम को देखते ही लोगों ने खुद ही अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया। उधर, हरिद्वार रोड पर सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल के नेतृत्व में टीम ने अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान अतिक्रमण की जद में आने पर रोडवेज वर्कशॉप की दीवार भी तोड़ दी गई। इसके अलावा एक नर्सिंग होम की दीवार को भी ध्वस्त किया गया। इस पर नर्सिंग होम के डॉक्टर टीम से उलझ गए।
उनकी सिटी मजिस्ट्रेट के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद डॉक्टरों ने प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया। हरिद्वार रोड पर कई लोगों ने टीम की ओर से किए गए सीमांकन पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि सीमांकन गलत तरीके से किया गया है। इसके खामियाजा उन्हें अपने भवन और प्रतिष्ठानों की दीवारें गिरवाकर भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से नए सिरे से सीमांकन कराने की मांग की। अभियान के दौरान टास्क फोर्स की कार्रवाई के साथ ही कई लोगों ने खुद मजदूर लगवाकर अतिक्रमण ध्वस्त कराया।
--
संडे मार्केट नहीं लगने से लोगों को राहत
अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश के निर्देश के बाद संडे मार्केट नहीं लगने दिया गया। इससे रविवार को सड़क पर जाम नहीं लगा और लोगों को राहत मिली। वहीं, सड़क पर वाहनों का दबाव कम होने से टीम को अतिक्रमण हटाने में भी परेशानी नहीं हुई। हालांकि, अभियान के चलते हरिद्वार और रायपुर रोड पर कुछ घंटे जाम की स्थिति बनी, लेकिन अभियान के खत्म होते ही वाहनों का आवागमन सुचारु हो गया।
--
आज यहां चलेगा अभियान
टास्क फोर्स सोमवार को न्यू कैंट रोड और रायपुर रोड पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाएगी। इसके अलावा सभी जोनों में अतिक्रमण भी चिह्नित किए जाएंगे।
--
चार जोन में 143 अतिक्रमण चिह्नित
जोन चिह्नित कुल अतिक्रमण
1 18 623
2 76 618
3 - 309
4 49 1019
कुल 143 2569