ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय निजी बीएड कॉलेजों की अलग प्रवेश परीक्षा के अपने फैसले से पलट गया है। विवि ने सभी बीएड संस्थानों में दाखिले का नया नोटिस जारी करते हुए साफ कर दिया है कि अब 10 मई तक आवेदन किए जा सकते हैं। विवि के इस फैसले का निजी बीएड कॉलेजों ने स्वागत किया है।
गढ़वाल विवि ने इस साल एडमिशन का जो नोटिफिकेशन जारी किया था, उसमें साफ किया था कि बीएड की प्रवेश परीक्षा विवि केवल अपने तीन परिसर के लिए कराएगा। निजी बीएड कॉलेजों के लिए अलग से प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। इस पर बीएड कॉलेजों ने सख्त आपत्ति जताई थी। बृहस्पतिवार को विवि के बीएड प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि थी। इस बीच विवि के कुलसचिव ने एक संशोधित नोटिस जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि विवि के परिसरों के अलावा सभी निजी बीएड कॉलेजों के लिए भी एक ही प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिहाजा, बीएड के आवदेन की तिथि बढ़ाकर 10 मई कर दी गई है। प्रवेश परीक्षा भी अब आठ जून के बजाय एक जुलाई को होगी। एसोसिएशन ऑफ सेल्फ फाइनेंस इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने विवि के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने बीएड करने वाले छात्रों से अपील की है कि वे कॉमन बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करें।