हिमाचली गीत बबली प्यारिये...पर झूमे छात्र
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ समारोह में बृहस्पतिवार को हिमाचली गायक कुलदीप शर्मा ने समां बांध दिया। कुलदीप ने हिमाचली, गढ़वाली और कुमांऊनी गानों पर दमदार प्रस्तुतियां दी।
बृहस्पतिवार को डीएवी छात्रसंघ सप्ताह के चौथे दिन गायक कुलदीप शर्मा ने शिला लागा तेरा कामना बबली प्यारिये... कुल्लू मनाली लागा मेला... कजरा रे कजरा रे... किंदी चली मेरी झुरिये...गीत गाया तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दूसरी ओर गढ़वाली गीत बेडू पाको बारा मासा... पर छात्र-छात्राएं जमकर नाचे। कुछ छात्र मंच तक जा पहुंचे। संचालक टीम ने कड़ी मशक्कत कर छात्रों की भीड़ को काबू किया।
इसके बाद मुख्य अतिथि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, भाजपा नेता अनिल गोयल, हंस फाउंडेशन के प्रदेश प्रभारी पद्मेंद्र बिष्ट, ललित मोहन जोशी, प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने दीप जलाकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। किशोर उपाध्याय ने छात्र-छात्राआें को नशे से दूर रहने की सलाह दी। इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम सिमल्टी, महासचिव आकाश गौड़, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार, अंशुल चावला, जितेंद्र सिंह बिष्ट, सुनील वर्मा, मनीष रावत, राहुल शर्मा, सूरज भट्ट, सिद्धार्थ राणा, ओम कक्कड़, हिमांशु नेगी, नवीन नेगी, अंकित जोशी, शंकर रावत, निखिल शर्मा आदि मौजूद रहे।
इनसेट-फोटो भी है लाइव-
नाचते-नाचते जमकर चले लात-घूंसे
डीएवी पीजी कॉलेज में चल रहे छात्रसंघ समारोह में हिमाचली लोक गायक कुलदीप शर्मा की प्रस्तुति पर नाचते-नाचते छात्र एक दूसरे से भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। समारोह में यह हालात अव्यवस्थाओं की वजह से पैदा हुए। कार्यक्रम की शुरुआत से ही छात्रों ने मंच के पास आकर नाचना शुरू कर दिया था। आयोजकों ने उन्हें हटाने की खानापूर्ति की लेकिन उन्हें वहां से नहीं हटाया। अव्यवस्थाओं के बीच छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। देखते ही देखते हाथापाई और लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने झगड़ा कर रहे छात्रों को काबू कर हालात सामान्य किया।