अक्षत, अनुष्का, आन्या और सौरभ बने विजेता
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शुक्रवार को अक्षत नेगी, अनुष्का जुयाल, आन्या चौहान और सौरभ पांडे अपने-अपने वर्गों में विजेता रहे। वहीं, विकास व दानिश, सौरभ व रागेश्वरी, अक्षत व आर्येश ने युगल वर्ग के मुकाबले जीते। समापन पर सभी विजेताओं और उप विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अंडर-17 बालक एकल वर्ग के फाइनल में अक्षत नेगी ने ध्रुव नेगी को 21-6, 19-21, 21-12 से हराकर खिताब जीता। अंडर-17 बालक युगल के फाइनल में अक्षत व आर्येश की जोड़ी ने धनुवंतरी और अनुभव की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-16 व 21-14 से हराया। अंडर-19 बालक एकल वर्ग में अक्षत नेगी ने धनुवंतरी को सीधे सेटों में 21-19, 21-10 से शिकस्त दी। अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में अनुष्का जुयाल ने विदिका पंवार को 21-11 व 21-8 से हराकर फाइनल जीता।
अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में आन्या चौहान ने अनुष्का जुयाल को 21-8, 21-18 से हराया। ओपन बालिका एकल वर्ग के फाइनल में आन्या चौहान ने रागेश्री गर्ग को 21-15, 21-15 से हरा दिया। ओपन बालक युगल वर्ग में विकास व दानिश की जोड़ी ने संजय व सौरभ को 15-12, 15-13 से हराया। ओपन मिक्स युगल में सौरभ पांडे व रागेश्वरी ने आन्या व आशीष को तीन सेटों तक चले मुकाबले में 21-16, 17-21 व 21-18 से हराया। ओपन बालक एकल वर्ग के फाइनल में सौरभ पांडे ने सिद्धांत को 21-17 व 21-16 से हराकर खिताब जीता।