ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत उत्तराखंड में मार्च के अंत तक सस्ती उड़ानें शुरू हो जाएंगी। यह हवाई सैर आम आदमी की पहुंच में होगी। योजना के तहत एयरक्राफ्ट का किराया 1400 से 2000 रुपये के बीच होगा। जबकि, हेलीकॉप्टर के जरिये पर्यटक और स्थानीय लोग 3000 से 5000 रुपये में हवाई यात्रा का लाभ ले सकेंगे। उड़ान योजना के तहत उत्तराखंड में हवाई सेवा देने के लिए अभी तक केवल पवन हंस और हेरिटेज एविएशन कंपनी ने आवेदन किया है। केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय को अगले सप्ताह तक इन आवेदनों पर फैसला करना है।
केंद्र सरकार ने रीजनल कनेक्टिविटी बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2016 में उड़ान योजना शुरू की थी। पहले चरण में देहरादून से पंत नगर तक 18 सीटर जहाज उड़ाने की योजना है, जो डेक्कन एयरलाइंस शुरू करेगी। कंपनी की ओर से करीब 15 दिन पहले महाराष्ट्र में नई सेवा शुरू की गई है। वहीं, अब मार्च के अंत तक देहरादून से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद है। दूसरे चरण में हेलीकॉप्टर से भी रीजनल कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए भारत सरकार की पवन हंस और हेरिटेड एविएशन कंपनी ने आवेदन किया है। दूसरे चरण की बिडिंग 15 दिसंबर को पूरी हो चुकी है।
इस पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय का फैसला अगले सप्ताह आने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में केंद्र और राज्य सरकार के उड्डयन मंत्रालयों के बीच वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये चर्चा हो चुकी है। हवाई सेवा शुरू होने के बाद दुर्गम पहाड़ों का सफर आसान हो जाएगा। हेरिटेज एविएशन के निदेशक रोहित माथुर ने बताया कि दिल्ली से पिथौरागढ़ तक एयरक्राफ्ट का किराया 1980 और देहरादून से पिथौरागढ़ का किराया 1510 रुपये होगा।
--
केंद्र और प्रदेश सरकार की बीच एमओयू
रीजनल कनेक्टिविटी के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच एमओयू साइन हो चुका है। इसके तहत राज्य सरकार की ओर से हेलीपैड, सुरक्षा के इंतजाम, फायर से सुरक्षा से संबंधित उपकरण आदि की व्यवस्था की जानी है।
--
डबल इंजन के हेलीकॉप्टर की अनुमति
केंद्र सरकार की ओर से उड़ान योजना के तहत अभी डबल इंजन के हेलीकॉप्टर उड़ाने की ही अनुमति दी गई है। सिंगल इंजन के हेलीकॉप्टर इस योजना के बाहर रखे गए हैं।
---
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
उत्तराखंड के दुर्गम पहाड़ी इलाके पर्यटन के लिहाज बेहद महत्वपूर्ण हैं। लेकिन, सड़क मार्ग ठीक नहीं होने और समय अधिक लगने के कारण देश-विदेश से आने वाले पर्यटक दुर्गम में जाने से कतराते हैं। लिहाजा एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से पर्यटकों के लिए आसानी होगी। वहीं, स्थानीय लोगों के साथ ही प्रदेश सरकार के राजस्व में भी इजाफा होगा।
---
एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी फायदा पहुंचेगा। केंद्र और राज्य सरकार का प्रयास सराहनीय है। हमारी ओर से प्रतिदिन दो उड़ान का प्रस्ताव दिया गया है।
-रोहित माथुर, निदेशक, हेरिटेज एविएशन
--
महाराष्ट्र में हवाई सेवा शुरू करने के चलते उत्तराखंड में थोड़ा विलंब हुआ है। हमारी तरफ से तैयारी पूरी है। मार्च में उत्तराखंड में भी हमारी उड़ानें शुरू हो जाएंगी। -ब्रिगेडियर देवेंद्र सिंह, नार्थ रीजन हेड, डेक्कन एयरलाइंस
--
सस्ती उड़ानों के लिए सरकार की तैयारी पूरी है। केंद्र सरकार की ओर से सहमति मिलने ही उड़ान शुरू कर दी जाएगी। एमओयू के तहत कंपनी का किराये के अलावा जो भी अतिरिक्त व्यय होगा, उसका 80 फीसदी केंद्र और 20 फीसदी भुगतान राज्य सरकार करेगी। मार्च-2018 के अंत तक उड़ान शुरू होने की उम्मीद है।
-ओमप्रकाश, अपर मुख्य सचिव, नागरिक उड्डयन
--
हेरिटेज एविएशन की ओर से प्रस्तावित 11 रूट
सेक्टर-सीट
देहरादून-जोशीमठ-देहरादून हेलीकॉप्टर - 15 सीटर
देहरादून-अल्मोड़ा-देहरादून हेलीकॉप्टर - 15 सीटर
देहरादून-हल्द्वानी-देहरादून हेलीकॉप्टर - 15 सीटर
देहरादून-श्रीनगर-देहरादून हेलीकॉप्टर - 15 सीटर
सहस्त्रधारा-चिन्यालीसौंड़-सहस्त्रधारा हेलीकॉप्टर - 7 सीटर
सहस्त्रधारा-गौचर-सहस्त्रधारा हेलीकॉप्टर - 7 सीटर
हल्द्वानी-हरिद्वार-हल्द्वानी हेलीकॉप्टर - 7 सीटर
हल्द्वानी-धारचूला-हल्द्वानी हेलीकॉप्टर - 7 सीटर
दिल्ली-पिथौरागढ़-दिल्ली एयरक्राफ्ट - 9 सीटर
देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून एयरक्राफ्ट - 9 सीटर
पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर एयरक्राफ्ट - 9 सीटर
--
पवनहंस की ओर से प्रस्तावित नौ रूट
देहरादून-टिहरी-देहरादून
टिहरी-श्रीनगर-टिहरी
श्रीनगर-गौचर-श्रीनगर
गौचर-जोशीमठ-गौचर
देहरादून-रामनगर-देहरादून
रामनगर-पंतनगर-रामनगर
पंतनगर-नैनीताल-पंतनगर
पंतनगर-अल्मोड़ा-पंतनगर
अल्मोड़ा-पिथौरागढ़-अल्मोड़ा
(नोट-सभी नौ रूटों पर 13 सीटर हेलीकॉप्टर सेवा देंगे।