ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
नगर निगम के वार्डों के परिसीमन का ड्राफ्ट सौंपने के बाद तीसरे दिन मंगलवार तक केवल पांच आपत्तियां ही जिलाधिकारी को दी गई हैं। जिनमें से दो भाजपा पार्षदों की हैं। जबकि दो अन्य व एक कांग्रेस की ओर से दी गई है। आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि सात जनवरी है।
बीते 29 दिसंबर की शाम नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने सीमा विस्तार के बाद नगर निगम के 100 वार्डों का ड्राफ्ट जिलाधिकारी को सौंपा था। जिसके बाद जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने सात जनवरी तक आपत्तियां देने की तिथि निर्धारित की थी। वहीं, मंगलवार को तीसरे दिन तक केवल पांच ही आपत्ति पहुंची हैं। वार्ड 44 ब्रह्मपुरी के पार्षद सतीश कश्यप ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। जिसमें उन्होंने उनके वार्ड से बने दूसरे वार्ड का नाम बदलने की मांग की है। उनका कहना था कि ब्रह्मपुरी से बने दूसरे वार्ड का नाम महबूब कॉलोनी रखा गया है। जबकि उससे बड़ी कई कॉलोनी है। उन्होंने वार्ड का नाम शिव मंदिर, लोहिया नगर या ब्रह्मपुरी-2 वार्ड रखने को कहा। वहीं, एक अन्य भाजपा पार्षद नीतू वाल्मीकि ने वार्ड 5 सहस्त्रधारा को लेकर दी। उनका आरोप है कि उनके वार्ड का काफी हिस्सा काटकर वार्ड 61 आमवाला तरला बनाया गया है। जो गलत है। वहीं, कांग्रेसी नेता व पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, पूर्व विधायक राजकुमार आदि ने भी जिलाधिकारी को अपनी आपत्ति सौंपी। इसके अलावा दो अन्य लोगों की ओर से वार्डों की आबादी को लेकर आपत्ति दी गई हैं। जिलाधिकारी कार्यालय से आपत्तियां नगर निगम भेजी जा रही हैं।
...................
मंगलवार तक केवल पांच आपत्तियां ही हमारे पास पहुंची हैं। सात जनवरी के बाद आपत्तियों की सुनवाई शुरू की जाएगी।
- विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त