नरेंद्रनगर (टिहरी)। उपली दोगी पट्टी के दजनभर गांवों में दूर संचार सेवा जी का जंजाल बनी हुई है। गांव में नेटवर्क नहीं मिलने से ग्रामीणों को छह-सात किमी ऊपर पहाड़ी पर जाना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी सेवा में सुधार नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में खासी नाराजगी है।
दोगी पट्टी के सुदूरवर्ती ग्राम मठियाली, मंजियांणी, काटल, कर्मा, तोणीसैंण और भिगुड़ से आए ग्रामीणों ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक गांवों में पिछले दो माह से मोबाइल नेटवर्क सेवा ठप है, जिससे लोग अपनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं, वहीं किसी के बीमार होने पर 108 जैसी आपातकालीन सेवा का लाभ भी नहीं उठा पा रहे हैं। गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य शूरवीर सिंह भंडारी, प्रधान रमेश पंवार, सब्बल सिंह पंवार और राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सेवा ठप होने से लोग खासे परेशान हैं। आसपास कोई साधन नहीं होने से लोगों को अपनों से संपर्क साधने के लिए गांव से पांच-छह किमी दूर पहाड़ी पर जाना पड़ रहा है। जबकि कई गजा क्षेत्र में बात करने जाते हैं। इस बाबत बीएसएनएल के महाप्रबंधक एएम चौधरी ने कहा कि समस्या संज्ञान में नहीं आई है, वहां नेटवर्क नहीं है तो इसमें जल्द सुधार किया जाएगा।