इकबालपुर रेलवे फाटक पर कामाख्या एक्सप्रेस की चपेट में आकर जान गंवाने वाले युवक के खिलाफ गेटमैन की ओर से आरपीएफ को तहरीर दी गई है। आरपीएफ ने केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मुरादाबाद से सहारनपुर की ओर जा रही कामाख्या एक्सप्रेस के लिए मंगलवार सुबह इकबालपुर रेलवे फाटक बंद किया गया था। इस दौरान रेलवे फाटक को पार करते समय एक बाइक सवार ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को वहां से उठाकर ले गए थे। हादसे के बाद रेलवे ट्रक पर कामाख्या एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे तक खड़ी रही। मामले में बुधवार को रेलवे के गेटमैन मनीष कुमार ने आरपीएफ को तहरीर दी। इसके आधार पर आरपीएफ ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मालूम हो कि हादसे में बाइकसवार युवक की मौत के बाद लगभग तीन घंटे तक रेलवे ट्रैक बाधित हुआ, इससे ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ।