सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलाकुई में पंजाब के एक स्क्रैप कारोबारी से 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
तहरीर में रमेश कुमार पुत्र मदन पाल निवासी सेक्टर 4सी शास्त्रीनगर मंडी गोविंदगढ़ पंजाब ने कहा कि उसका मोटर स्क्रैप का कारोबार है। जनवरी में उसके एक परिचित सनोज मोदी ने उसे सेलाकुई में मोटर स्क्रैप होने की बात बताई। इस पर एक फरवरी को वह अपने एक दोस्त दीनानाथ के साथ स्क्रैप देखने के लिए सेलाकुई पहुंचा। जहां पर सनोज के माध्यम से उसकी मुलाकात राजेश, प्रदीप, इमरान और गौरव के साथ हुई। वह उसे स्क्रैप दिखाने के लिए डिक्शन कंपनी के गोदाम में ले गए। राजेश ने बताया कि यह स्क्रैप उसका है। इसके बाद तुलान के आधार पर मोटर स्क्रैप के भुगतान की बात तय हुई। आरोप लगाया कि छह और सात फरवरी को राजेश ने उसे तीन ट्रक मोटर स्क्रैप के कांटा पर्ची की फोटो व्हाट्सएप की। राजेश ने तुलान के आधार पर 12 लाख रुपये की रकम को उसकी फर्म के अकाउंट पर डालने को कहा। जिसके बाद उसने तीन अलग-अलग किश्तों में रकम राजेश के खाते में जमा कर दी।
रकम खाते में डलने के बाद राजेश ने 10 फरवरी को बिल के साथ स्क्रैप को ले जाने की बात कही। कहा कि 10 फरवरी को जब वह स्क्रैप का उठान करने के लिए कंपनी में पहुंचा तो राजेश का फोन स्विच ऑफ मिला। कंपनी प्रबंधन से बात करने पर पता चला कि स्क्रैप को कंपनी के माध्यम से यमुनानगर निवासी एक स्क्रैप कारोबारी को बेचा जा चुका है। कहा कि घटना के बाद से ही राजेश का कुछ अता-पता नहीं है। इसके साथी प्रदीप और इमरान भी लापता चल रहे हैं। उधर, एसआई शमशेर अली ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।