कनेक्शन मुख्य लाइन से जोड़ने की मांग
नगर पालिका क्षेत्र के दिनकर विहार के शिव विहार कालोनी के 12 परिवार पानी के संकट से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिना मोटर के पानी नलों में नहीं आता है। कई बार लोगों को अपने खर्च पर टैंकरों की व्यवस्था करनी पड़ती है। उन्होंने घरों के कनेक्शनों को मुख्य लाइन से जोड़ने की मांग की है।
सभासद प्रतिनिधि विशन दत्त शर्मा का कहना है कि इस संबंध वे कई बार सहायक अभियंता को प्रस्ताव दे चुके है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसका खामियाजा कॉलोनी के लोगों को उठाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी भूपेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह, टीकम सिंह, राकेश सिंह का कहना है कि पूर्व तक दुर्गा विहार स्थित नलकूप से कालोनी की आपूर्ति होती थी, लेकिन नलकूप के सूख जाने के बाद से करीब पांच सालों से पानी की समस्या बनी हुई है। बिना मोटर चलाए पानी घरों में नहीं आता। गर्मियों के दिनों में समस्या ओर भी बढ़ जाती है। आरोप लगाया कि विभाग लगातार बिल भेजा रहा है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। उन्होंने विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
जल संस्थान के एसडीओ जयपाल सिंह ने बताया कि पालिका क्षेत्र के लिए पानी और सीवर लाइन के नए प्रोजेक्ट के निविदाएं जारी हो चुकी हैं। ऐसे में नई लाइन बिछाना संभव नहीं है। फिर भी वे अपने स्तर से समस्या को दूर करने का प्रयास करेंगे।