चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर शनिवार को मां दुर्गा के भक्तों ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोग लगाया। शहरभर के देवी मंदिरों, घरों और दुर्गा पंडालों में भक्तों ने कन्याएं जिमाएं और उपहार भेंट किए। इसके पहले भक्तों ने शुभ मुहूर्त में मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप मां महागौरी की विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद कन्याओं के पैर धोकर आशीर्वाद लिया और उन्हें हलवा, पूरी और चने का भोग लगाने के साथ ही उन्हें उपहार और लाल चुनरी भेंट की।
गढ़ी कैंट स्थित श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर, माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर और बंजारावाला स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भी कन्याओं का पूजन किया गया। इससे पहले प्रदेश की सुख, शांति और उन्नति की मंगल कामना के साथ दुर्गा सप्तशती के मंत्रों के बीच यज्ञ में पूर्णाहुति दी गई। इस मौके पर मंदिर के संस्थापक आध्यात्मिक गुरु योगी बिपिन जोशी ने देश के सम्मान करने का आह्वान किया।
मंदिरों के बाहर जरूरतमंदों को बांटी राहत सामग्री
चैत्र नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर लोगों ने मंदिरों और दुर्गा पंडालों के बाहर जरूरतमंदों को राहत सामग्री बांटी। वहीं, कुछ लोगों ने मंदिर में ही पहुंचकर कन्याओं का पूजन किया।
मां के नाम जलाईं 11 सौ अखंड ज्योत
चैत्र नवरात्र की अष्टमी के मौके पर किशनपुर, कैनाल रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भक्तों ने मां के नाम की 11 सौ अखंड ज्योत जलाईं। महागौरी की विशेष पूजा अर्चना के बाद मंदिर परिसर में कन्या पूजन भी हुआ। मंदिर के ट्रस्टी कर्नल एमएस क्षेत्री ने बताया कि मां की नौ स्वरूप कन्याओं को साज-शृंगार की सामग्री और उपहार भेंट कर भक्तों ने आशीर्वाद भी लिया। शाम को मंदिर में महिला भजन मंडली ने माता के भजनों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर उर्मिला ढौंडियाल थापा, राम कुमार चक्रवर्ती, विनोद राना, जसवंत सिंह रावत, कर्नल आरएस क्षेत्री, विजय खत्री, बंटी शाही, विपिन रावत, उर्मिला थापा, सुमन देवी, कल्पना, ऊषा देवी आदि मौजूद रहीं।