ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सरकारी अधिकारी अपने क्षेत्र में क्षेत्र में स्वच्छता का पाठ पढ़ाएंगे। इसके लिए ऋषि एजुकेशनल सोसायटी की ओर से आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों को जागरूक किया जा रहा है। सोसायटी की ओर से 31 मार्च तक आयोजित होने वाली कार्यशाला में अधिकारियों को स्वच्छ भारत मिशन के विभिन्न घटकों की जानकारी दी जाएगी।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से जुडे़ राजस्थान के सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया। सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सुंद्रियाल ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में स्वच्छ भारत मिशन की गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राजस्थान सरकार के अधिकारियों को मिशन के विभिन्न घटकों की जानकारी दी गई। सोसायटी की ओर से 31 मार्च तक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकार की ओर से स्वच्छता के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसमें लोगों को सामुदायिक व्यवहार परिवर्तन, शौचालय निर्माण तकनीकी, खुले में शौच मुक्ति आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। सुंद्रियाल ने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से एक हजार अधिकारियों को स्वच्छ भारत मिशन के प्रति जागरूक करना है। कार्यशाला के अलावा अधिकारियों को उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों का भ्रमण करा कर स्वच्छता के लिए हुए कार्यों के बारे में बताया जाएगा।