पुरोला। मिनी स्टेडियम पुरोला में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय मिनी क्रीड़ा एवं साहित्यिक प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन किया गया। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय कंडियाल गांव की सोनिका रावत ओवरऑल चैंपियन चुनी गईं। छात्रा ने 50 मीटर व 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं खोखो प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग में डुंडा ब्लॉक की टीम विजयी रही। जबकि कबड्डी के बालक वर्ग में मोरी तथा बालिका वर्ग में नौगांव की टीमें विजेता बनीं। प्राथमिक विद्यालय गुरुकुल मोरी के छात्रों रविंद्र तथा कपिल ने क्रमश: 100 मीटर व 50 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उधर सुलेख प्रतियोगिता में स्नेहा, सोनिका कंडियाल व सोहित ने बाजी मारी। अंताक्षरी प्रतियोगिता में नौगांव तथा पुरोला ने जीत हासिल की। जबकि समूह गान में पुरोला की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर सीएस चौहान, अमीचंद शाह, दिनेश खत्री, जगदीश गुसांई, कमलेश रावत, उदय बिष्ट, जनक राणा, डबल सिंह राणा, विनोद नौटियाल, बिजेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।