स्वदेशी अपनाकर ही दूर होगी बेरोजगारी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने ‘एक राष्ट्र, श्रेष्ठ राष्ट्र’ की वकालत करते हुए देश में बेरोजगारी को दूर करने के लिए स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने दत्तोपंत ढेगड़ी (स्वामी सानंद) को श्रद्धांजलि भी दी।
मुख्य अतिथि व मंच के अखिल भारतीय राष्ट्रीय सह संयोजक डॉ. अश्विनी महाजन ने कहा कि पूरा विश्व जीडीपी बढ़ाने को पूंजीवादी एवं समाजवादी नीतियां अपना रहा है जिसका असर प्राकृतिक संसाधनों में कमी के साथ ही लघु एवं कुटीर उद्योगों पर दिखायी दे रहा है। कारीगरों से हाथ से रोजगार छीने जा रहे हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं परिवारवाद की परिकल्पना समाप्त हो रही है। इससे बचने के लिए स्वदेशी जागरण मंच के सिद्धांतों पर चलकर ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने स्वामी सानंद के बताए अनुसार नदियों की अविरलता व जल संरक्षण पर भी जोर दिया। प्रांत सह प्रचारक देवेंद्र ने स्वामी सानंद के विचारों को सामाजिक समरसता, सामाजिक उत्कृष्टता एवं राष्ट्र के विकास का आधार बताया।
महानगर संयोजक डॉ. सुधांशु ध्यानी ने स्वदेशी विचार के साथ ‘एक राष्ट्र श्रेष्ठ राष्ट्र’ के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रांत संयोजक सुरेंद्र सिंह, सह प्रांत संयोजक धर्मेंद्र चौहान, गोविंद सिंह बिष्ट, रमाकांत श्रीवास्तव, बृजेश धनकोटी, अभिषेक, मधु जैन, शशी रावत, अनीता कलूरा, अरविंद पंत, अभिजीत यादव, अमन गोयल, महेश रावत, वत्सल, दिनेश नेगी, देवेंद्र सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।