ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
विजय मर्चेंट ट्रॉफी में उत्तराखंड की टीम पहले दिन बल्लेबाज अनुज गिरि के दम पर आठ विकेट पर 244 रन बनाने में कामयाब रही। अनुज ने एक छोर पर टिक कर खेलते हुए 234 गेंदों में 95 रनों की पारी खेली। हांलाकि अनुज शतक से मात्र पांच रन से चूक गए।
बीसीसीआई के घरेलू सत्र में पहली बार टेस्ट खेलने उतरी उत्तराखंड की अंडर-16 क्रिकेट टीम का सामना रविवार को मध्य प्रदेश से हुआ। उत्तराखंड टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उत्तराखंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। ओपनर बल्लेबाज युवराज चार व अशर खान 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अनुज गिरि (95) व दिव्यम रावत (31) की सधी पारी से टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई। दिन के अंतिम ओवर तक शास्वत डंगवाल 24 रन बनाकर मैदान पर जमे हुए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक उत्तराखंड ने 97 ओवरों में आठ विकेट खोकर 244 रन बना लिए हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के गेंदबाज आर्यन पांडे, सुशांत नागर व मसरूम रजा दो-दो विकेट लेने में सफल रहे।